पिछले 24 घंटे में दो नाबालिग बच्चियों के साथ यौन शोषण के मामले सामने आए हैं। एक प्रकरण तिल्दा है तो दूसरा मामला राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना इलाके का। पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तिल्दा के पहले मामले में आरोपी स्थानीय भाजपा नेता का भाई है और इलाके लोग उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
घर वालों ने बदल लिया पता
तिल्दा के भाजपा नेता विक्की सुखवानी नगर पालिका के उपाध्यक्ष हैं। इसके भाई विजय सुखवानी पर 17 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। बच्ची ने अपने शिकायत में लिखा है कि उसे घूमाने ले जाने की बात कहकर विजय अपने साथ रायपुर लेकर आया। फिर पार्टी और डिनर की बात कहकर रायपुर इन नाम के होटल के कमरे में ले गया। यहां विजय उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा, लड़की की तस्वीरें अपने मोबाइल पर खींच ली और वायरल करने की धमकी दी।
लड़की ने तब विरोध किया, नाराज होने पर उसे विजय वापस तिल्दा ले आया। लड़की ने घर वालों को सारी बात बताई। इसके बाद तंग आकर बच्ची के परिजन रायपुर आकर रहने लगे। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से भी की। अब मामले की जांच तिल्दा थाने की पुलिस कर रही है। विजय लड़की के घर वालों से भी परिचित था। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर वो लड़की को अपने साथ रायपुर लेकर आया था।
शादी का झांसा देकर दरिंदगी
रायपुर की 15 साल की नाबालिग को प्यार के झांसे में लेकर एक बदमाश ने उसका शारीरिक शोषण किया और फिर शादी के नाम पर मुकर गया। घटना रायपुर के विधानसभा थाना इलाके में हुई थी। पुलिस ने सूर्य प्रकाश लहरे नाम के युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी के मोहल्ले में रहने वाली 15 साल की बच्ची को उसने प्यार के जाल में फंसाया। लड़की के घर वालों को इसकी खबर नहीं थी। उधर, युवक की हरकतों से तंग आकर बच्ची ने सारी बात घर वालों को बताई तो मामला अब थाने पहुंचा है। इस केस में जांच जारी है।