सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हुआ। पूरे देश में कांग्रेस नेताओं ने अपने नए अध्यक्ष के लिए वोट किया है। इस बार अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा मगर इस पर भी विपक्षी दलों का तंज कांग्रेस को झेलना पड़ रहा है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने चुटकी लेते हुए एक ट्वीट कर कांग्रेस को घेरा है।
मूणत ने अपने ट्वीट में एक तस्वीर शेयर की है। इसमें राहुल गांधी अध्यक्ष पद के लिए वोट करने जाने की लाइन में पीछे खड़े हैं। मूणत ने लिखा- दरअसल राहुल गांधी कतार में खड़े होकर यह बताना चाहते हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव शशि थरूर बने या खड़गे..पीछे से निर्देश उन्ही के होंगे। यह कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव कम गांधी परिवार की कठपुतली का चुनाव अधिक नज़र आता है।

मूणत ने जो तस्वीर शेयर की है, वो भारत जोड़ाे यात्रा में व्यस्त राहुल गांधी की है। एक वैन को कांग्रेस ने पोलिंग बूथ बनाया था। इसी के सामने खड़े होकर वो वोट डालने अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। पीछे खड़े राहुल को देखकर मूणत ने इस तस्वीर के सियासी मायने निकाले हैं।
कांग्रेस का जवाब
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के मतदान से साबित हो गया है कि किसी राजनैतिक दल में लोकतंत्र है तो वह कांग्रेस है। कांग्रेस के अलावा दूसरे किसी भी राजनैतिक दल चाहे वह राष्ट्रीय हों या क्षेत्रीय किसी ने भी अपने अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों की नियुक्ति के लिये चुनाव नहीं करवाया होगा। भाजपा में तो कभी पार्टी के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों का चुनाव नहीं होता। पार्टी के शीर्ष में बैठे हुये चंद नेता जिसे चाहते है अपने सुविधानुसार अध्यक्ष बना देते है।

मरकाम ने कहा- पहले अटल-आडवाणी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर अपनी पसंद के व्यक्ति को नियुक्त करते थे, अब मोदी-शाह वही करते है। भाजपा का कोई भी नेता यह नहीं बता सकता कि नड्डा के चुनाव के लिये मतदाता कौन था? उन्होंने नामांकन कब भरा? भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम कब घोषित किया गया? दरअसल भाजपा में लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं है। भाजपा मोदी-शाह की जेबी संगठन बन गया है।
आज चुनाव में छत्तीसगढ़ में क्या हुआ
छत्तीसगढ़ के 307 डेलीगेट्स के लिए प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में बूथ बनाया गया था। जिसमें कुल 300 वोट पड़े। चुनाव अधिकारी सहित कुछ AICC डेलीगेट ने भी यहां वोट डाले। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल लोगों के वोट कर्नाटक के वेल्लारी में डाले गए।अब मतपेटी दिल्ली ले जाई जाएगी। इस चुनाव में प्रतिनिधि वोटरों को मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर में से किसी एक को चुनना है।