- कांग्रेस ने पूछा-करीना कपूर को 4 करोड़ क्यों दिए? करीब 10 साल पहले करीना रायपुर में राज्योत्सव के मंच पर परफॉर्म करने आईं थीं
रायपुर में चल रहा राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव खत्म हो गया। मगर सियासी बयानबाजी और बवाल जारी है। भाजपा की ओर से आयोजन पर कई तरह के सवाल किए जा रहे हैं। अब सांसद फूलोदेवी नेताम और करीना कपूर के नाम पर नई कंट्रोवर्सी शुरू हो गई है।
भाजपा ने कांग्रेस पर आदिवासी महिला नेता का अपमान करने का आरोप लगाया है। भाजपा के महामंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस की सरकार आदिवासी नृत्य महोत्सव में अपनी ही पार्टी की महिला आदिवासी नेता का अपमान करने से बाज नहीं आई। यह एक आदिवासी नेता के साथ साथ नारी शक्ति का भी अपमान है, जो छत्तीसगढ़ की संस्कृति के विरुद्ध है।

केदार कश्यप ने बताया कि जो कांग्रेस के ही आदिवासी नेता हैं, उन्हें पीछे की सीट मिल रही है। फूलोदेवी नेताम जो कि बड़ी आदिवासी नेता हैं। उच्च सदन की सदस्य हैं। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं, उन्हें बैठने के लिए आगे की सीट तक नसीब नहीं हुई। एक तस्वीर विधायक अंबिका सिंहदेव ने पोस्ट की थी। इसमें विधायक के पीछे की सीट में सांसद को बिठाया गया है। भाजपा ने इसे प्रोटोकॉल के खिलाफ बताकर इसे फूलोदेवी नेताम का अपमान बताया है।

प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की संस्कृति में यही बुनियादी फर्क है। भाजपा की अटलबिहारी वाजपेयी सरकार ने आदिवासियों को सम्मान देते हुए आदिवासी विकास के लिए मंत्रालय बनाया। भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार ने आदिवासी महिला को देश का राष्ट्रपति बनाया, भाजपा की छत्तीसगढ़ सरकार ने आदिवासियों को 32 फीसदी आरक्षण दिया और दूसरी तरफ कांग्रेस की सरकार है जो अपनी ही महिला आदिवासी सांसद को आदिवासी नृत्य महोत्सव पर अपमानित कर रही है।
कांग्रेस ने पूछा करीना और सलमान से जुड़ा सवाल
इस मामले में पलटवार करते हुए अब कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा- छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद कांग्रेस की सरकार ही है जो प्रदेश के आदिवासियों का पूरा सम्मान कर रही है। यहां रात्योत्सव को आदिवासी समाज को समर्पित किया गया है। 15 साल तक भाजपा की सरकार प्रदेश में रही मगर राज्य की सबसे बड़ी और पुरानी आदिवासी सभ्यता को उपेक्षित किया गया। मगर आज ऐसा नहीं है देश का सबसे बड़ा आदिवासी नृत्य महोत्सव मनाया जाता है।

शुक्ला ने आगे कहा- कांग्रेस के राज में आदिवासी समाज का सम्मान है, उनकी आर्थिक, सामाजिक उन्नति के लिए कांग्रेस पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। आदिवासी समुदाय के आरक्षण के लिए भी हम संकल्पित हैं और इसके लिए सुप्रीम कोर्ट गए हैं। भाजपा को ये बताना चाहिए कि प्रदेश की संस्कृति को भुलाकर 1 मिनट के लिए करीना कपूर को 4 करोड़ क्यों दिया जाता था, 5 मिनट के लिए सलमान खान को 10 करोड़ का भुगतान करके प्रदेश की संस्कृति और स्थानीय कलाकारों की उपेक्षा क्यों करते थे।